August 21, 2026

भास्कर अपडेट्स:इंडिगो की दिल्ली-मंगलुरु जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी मिली, पायलट ने रनवे से वापस ले गया; 3 घंटे देरी से रवाना हुई

0
logo-composite__93_1787246231652.jpg




दिल्ली एयरपोर्ट से मंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट गुरुवार को लगभग तीन घंटे की देरी से रवाना हुई। विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि टैक्सीइंग के दौरान पायलट को एयरबस A320 विमान में तकनीकी खराबी का पता चला और उन्होंने विमान को वापस बे (bay) में ले जाने का फैसला किया। लाइव फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट flightradar24.com के अनुसार, फ्लाइट 6E-6456, जिसे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शाम 5:30 बजे उड़ान भरनी थी, वह एक नए विमान के साथ रात 8:28 बजे रवाना हो सकी। आज की अन्य बड़ी खबरें… सरकार का टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश- 24 अगस्त से ग्राहकों को नए सिम न दें जिनके पास पहले से 9 कनेक्शन एक सरकारी सर्कुलर के अनुसार, टेलीकॉम विभाग ने टेलीकॉम ऑपरेटरों को निर्देश दिया है कि वे उन ग्राहकों को नए कनेक्शन न दें जिनके नाम पर पहले से ही नौ मोबाइल सिम हैं। टेलीकॉम ऑपरेटरों से कहा गया है कि वे 24 अगस्त से ऐसे हर ग्राहक की पहचान करने के लिए जरूरी तकनीकी और संगठनात्मक उपाय करें जो तय सीमा से ज़्यादा कनेक्शन लेना चाहता है, और उन्हें नए सिम कार्ड देने से मना करें। PM मोदी ने जापानी कंपनियों को भारत में डिफेंस पार्टनर बनने का न्योता दिया, जापानी रक्षा मंत्री से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी से मुलाकात के दौरान जापानी कंपनियों और भारतीय कंपनियों व स्टार्ट-अप्स के बीच डिफेंस सेक्टर में साझेदारी की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने खास तौर पर ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के अवसरों का जिक्र किया। कोइजुमी भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-जापान स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप को और मजबूत करने और रक्षा व सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। भारत सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई में 16वें भारत-जापान एनुअल समिट के लिए भारत आईं जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ हुई बातचीत को याद किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में बनी हुई गति की भी सराहना की। मुंबई लोकल ट्रेन में दिव्यांग यात्री को धक्का देकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार मुंबई में गुरुवार को 62 साल के दिव्यांग व्यक्ति की चलती लोकल ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बहस के बाद साथी यात्री ने उसे धक्का दिया था। घटना दोपहर 1:22 बजे महिम और बांद्रा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। यह लोकल ट्रेन चर्चगेट से बोरीवली जा रही थी। मृतक की पहचान सांताक्रूज ईस्ट निवासी केजितान पाल डेनिस पिरिस के रूप में हुई है। बांद्रा रेलवे पुलिस के अधिकारी के मुताबिक, दिव्यांग यात्रियों के लिए तय कोच में बैठने को लेकर पिरिस और 48 साल के अमजद सफरिद्दीन शेख के बीच बहस हुई थी। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को मंजूरी नहीं, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया के वीडियो को बताया फर्जी दिल्ली पुलिस ने कहा है कि 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधारों को लेकर किसी भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे ऐसे वीडियो को फर्जी और भ्रामक बताया है। पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है। इसके तहत प्रदर्शन मार्च, जुलूस, पांच या उससे अधिक लोगों के जमावड़े पर रोक है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही न्यूज को फॉरवर्ड या शेयर न करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी कि फर्जी खबर बनाने या फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। लद्दाख में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की नियमित बेंच शुरू होगी, केंद्र का फैसला केंद्र सरकार ने लद्दाख में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की नियमित बेंच शुरू करने का फैसला लिया है। मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इससे पहले लद्दाख क्षेत्र के न्यायिक मामले वर्चुअल माध्यम से या श्रीनगर और जम्मू मुख्य बेंच में सुने जाते थे। लद्दाख में बेंच शुरू होने से दूर-दराज के इलाकों के नागरिकों को न्याय पाने में आसानी होगी। उनके समय की बचत होगी। तरुण तेजपाल ने यौन उत्पीड़न मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, गोवा सरकार ने उम्रकैद मांगी पत्रकार तरुण तेजपाल ने गुरुवार को 2013 के यौन उत्पीड़न मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के 10 साल जेल के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उन्हें 6 अगस्त को सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट ने पांच साल पहले ट्रायल कोर्ट से बरी करने के फैसले को पलट दिया था। तेजपाल पर 2013 में गोवा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान होटल की लिफ्ट में जूनियर सहकर्मी से रेप करने का आरोप था। गोवा सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में तेजपाल को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है । दिल्ली पुलिस ने नकली कैंसर दवा बेच रहे 17 लोगों को गिरफ्तार किया दिल्ली पुलिस ने नकली कैंसर की दवा बेचने वाले गिरोह के17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब ₹9 करोड़ की नकली दवाइयां बरामद की है। गिरफ्तारियां 7 राज्यों से की हैं। यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, नवी मुंबई, हैदराबाद, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक फैला था। कैंसर दवा की 588 भरी शीशियां, 3,021 दूसरी दवाएं और करीब 50 लाख रुपये कैश जब्त किया है। छापेमारी में कई महंगी दवाएं भी हैं। पुलिस को शक है कि यह गैंग अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों से चुराई हुई कैंसर की असली दवाइयां भी बाजार में बेच रहा था। CRPF ने सुसाइड रोकने के लिए टीम बनाई, 2025 में 59 जवानों ने की खुदकुशी CRPF ने जवानों में खुदकुशी की घटनाएं रोकने के लिए 10 अधिकारियों की टीम बनाई है। यह कदम 2025 में आत्महत्या के 59 मामले सामने आने के बाद उठाया गया है। टीम का काम जवानों में मानसिक तनाव, घरेलू समस्याएं, और ड्यूटी के भारी दबाव जैसे कारणों की पहचान करना और उनका समाधान ढूंढना है। PTI की रिपोर्ट के अनुसार 2025 में हुई 59 आत्महत्याओं में 80% से ज्यादा कर्मचारी कांस्टेबुलरी से थे। 2021 से 2025 के बीच आत्महत्या के कुल 262 मामलों में 202 मामले ड्यूटी के दौरान हुए। मराठी नहीं जानने वाले 1,268 ड्राइवरों को नोटिस महाराष्ट्र में गुरुवार को राज्यभर में हुई जांच के पहले दिन मराठी की कामचलाऊ जानकारी नहीं रखने वाले 1,268 ड्राइवरों को नोटिस दिया गया। इनमें ज्यादातर ऑटो रिक्शा और टैक्सी ड्राइवर हैं। यह जानकारी राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सारनाइक ने दी। राज्यभर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (RTO) ने ये नोटिस जारी किए। ड्राइवरों को मराठी की जरूरी कामचलाऊ जानकारी सीखने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर उनका बैज तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा। राज्यभर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (RTO) ने ये नोटिस जारी किए। ड्राइवरों को मराठी की जरूरी कामचलाऊ जानकारी सीखने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर उनका बैज तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया जाएगा। राज्य सरकार ने मई में मराठी की बुनियादी जानकारी अनिवार्य करने की घोषणा की थी। इसके बाद गैर-मराठी ड्राइवरों के लिए मराठी का कोर्स शुरू किया गया था। उन्हें मराठी सीखने के लिए 15 अगस्त तक का समय भी दिया गया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने TMC नेता अभिषेक बनर्जी से कहा- KYC अपडेट के लिए बैंक को डॉक्यूमेंट्स दें कलकत्ता हाईकोर्ट ने गुरुवार को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को निर्देश दिया कि वे KYC अपडेट के लिए सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स बैंक में जमा करें। HDFC बैंक ने अभिषेक के अकाउंट और क्रेडिट-डेबिट कार्ड के फ्रीज कर दिए थे। बैंक ने कोर्ट के सामने बनर्जी से KYC अपडेट के लिए जरूरी चीजों की जानकारी रखी, जिसमें भरा हुआ फॉर्म, फोटो और पते का सबूत (एड्रेस प्रूफ) शामिल था। मामले की अगली सुनवाई सोमवार 24 अगस्त को होगी। पीएम मोदी की डिग्री से जुड़ी याचिका पर 29 सितंबर को सुनवाई, पहले कोर्ट ने रिकॉर्ड सार्वजनिक करने का आदेश रद्द किया था दिल्ली में दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग्रेजुएशन डिग्री से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग वाली अपीलों पर 29 सितंबर को सुनवाई तय की है। यह सुनवाई गुरुवार, 20 अगस्त को हुई, जिसमें दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पहले तारीख देने की मांग की थी। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की डिवीजन बेंच उन अपीलों पर सुनवाई कर रही है, जिनमें सिंगल जज के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) के मोदी की शैक्षणिक योग्यता से जुड़े रिकॉर्ड सार्वजनिक करने के आदेश को रद्द कर दिया गया था। तेलंगाना में कार कुएं में गिरी, पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत तेलंगाना के सिद्दिपेट में बुधवार देर रात कुएं में कार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतक में डी. राज (35), उनकी पत्नी भाग्य (22) और उनके दो बच्चे, नियांश (5) और शानविका (3) शामिल हैं। हादसा गाड़ी का बैलेंस बिगड़ने की वजह से हुआ। इससे कार सड़क से फिसलकर कुएं में जा गिरी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कई घंटों की तलाश के बाद गाड़ी और शवों को कुएं से बाहर निकाला। पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, पांच घायल पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले के चंपाहाटी इलाके में गुरुवार दोपहर को पटाखा बनाने वाली एक फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। हादसे में पांच कर्मचारी घायल हो गए। स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। अभिजीत दिपके ने जर्जर स्कूलों को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री के इस्तीफे की मांग की कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दिपके ने महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भूसे के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों में कक्षाओं, बेंचों, शौचालयों और सुरक्षित पहुंच मार्गों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। लातूर के एक स्कूल के दौरे के दौरान, उन्होंने मंत्रियों को जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया, राजनीतिक नेताओं पर अधिक जन दबाव बनाने का आह्वान किया और तत्काल शिक्षा सुधारों की मांग की। कोलकाता होटल अग्निकांड में लीज होल्डर अबू जफर गिरफ्तार, दूसरे मालिक की तलाश, 5 बांग्लादेशी सहित 9 की मौत हुई थी कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘शिखा इन’ होटल में आग लगने के मामले में पुलिस ने लीज होल्डर अबू जफर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह होटल का पार्टनर और लीज होल्डर था। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 5 बांग्लादेशी नागरिक बताए गए हैं। पुलिस अब होटल के संचालन, फायर सेफ्टी इंतजाम और जफर की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में पुलिस की नजर बीरेश्वर मित्र पर भी है। पुलिस के मुताबिक, मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर इसी मालिक का एक और होटल भी है और हादसे के बाद से बीरेश्वर से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसकी तलाश में बेहाला स्थित घर पर छापेमारी भी की गई। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन पुलिस होटल के फायर सेफ्टी इंतजाम, निकासी के रास्तों और संचालन की अनुमति से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। UGC के इक्विटी नियम 2026 पर फिर से विचार किया जा रहा है: केंद्र ने SC से कहा
केंद्र ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि कैंपस में जाति-आधारित भेदभाव को रोकने के लिए यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) के 2026 के इक्विटी नियमों पर फिर से विचार किया जा रहा है। 29 जनवरी को, सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (उच्च शिक्षा संस्थानों में इक्विटी को बढ़ावा देने संबंधी) नियम, 2026 को फिलहाल रोक दिया जाए। यह मामला गुरुवार को चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच के सामने सुनवाई के लिए आया। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बेंच से कहा, “यह UGC के नियमों का मामला है। इस पर फिर से विचार किया जा रहा है। तमिलनाडु सीएम विजय ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक आज तमिलनाडु के सीएम विजय ने बुधवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की शाह से यह पहली मुलाकात है। अमित शाह गुरुवार को चेन्नई के पास कोवलम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें दक्षिणी राज्यों के बीच और राष्ट्रीय स्तर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना के अलावा पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप केंद्रशासित प्रदेश शामिल हैं। दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरा हटाया गया दिल्ली में भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स और ट्रैफिक बोलार्ड्स हटा दिए हैं। इन बैरिकेड्स से पहले हाई कमीशन के आसपास बाहरी सुरक्षा घेरा बना हुआ था। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरियर और पार्किंग पोल हटा दिए थे। महाराष्ट्र के जलगांव में सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 4 की मौत महाराष्ट्र के जलगांव में पाचोरा-मालेगांव रोड पर MSRTC बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा चालीसगांव क्षेत्र के दहिवाल गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। केन्या में हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत; 5 अमेरिकी नागरिक और इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख भी मारे गए केन्या के सांबुरु काउंटी में बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें 5 अमेरिकी नागरिक और इक्वाडोर की खुफिया एजेंसी के प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी शामिल हैं। हेलिकॉप्टर माउंट ओलोलोक्वे के पास क्रैश हुआ था। यह लोइसाबा वाइल्डलाइफ कंजर्वेंसी से एवासो न्गिरो नदी की ओर जा रहा था। इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी के साथ उनकी पत्नी स्टेफनी सेंसी भी हादसे में मारी गईं। स्टेफनी फैशन डिजाइनर थीं। स्पेनिश टीवी नेटवर्क टेलीमुंडो के एग्जीक्यूटिव जोसे सुआरेज के भी मारे जाने की खबर है। हेलिकॉप्टर ऑपरेटर के मुताबिक, हादसे की वजह अभी पता नहीं चली है। केन्या रेड क्रॉस ने बताया कि हादसे वाली जगह पर आग और मुश्किल रास्ते के कारण राहत और शव निकालने के काम में परेशानी हुई। केन्या के परिवहन मंत्रालय ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर सोनिया-राहुल ने श्रद्धांजलि दी, पीएम ने भी X पर पोस्ट किया पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली के वीर भूमि पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर राजीव गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा- भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि। मद्रास हाईकोर्ट ने कहा- मंदिरों में भेदभाव की कोई जगह नहीं, कांचीपुरम के मंदिर का मामला मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि भगवान की नजर में सभी जीव समान हैं और भगवान किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। कोर्ट ने साफ किया कि मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों में भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं है। कोर्ट ने भगवद् गीता के अध्याय 9 के श्लोक 29 का हवाला देते हुए कहा कि मैं सभी जीवों के प्रति समान भाव रखता हूं। न मैं किसी का पक्ष लेता हूं, न किसी से द्वेष करता हूं। जो भक्तिभाव से मेरी पूजा करते हैं, वे मुझमें हैं और मैं उनमें हूं। मामला कांचीपुरम के अरुलमिगु देवराज स्वामीगल मंदिर, खासकर श्री मनवाला मामुनिगल श्राइन से जुड़ा था। यहां के एक निवासी ने याचिका में आरोप लगाया था कि गैर-ब्राह्मण भक्तों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। याचिकाकर्ता ने कहा कि मनवाला मामुनिगल श्राइन में दो प्रवेश द्वार हैं- एक मुख्य और दूसरा साइड एंट्री। आरोप था कि गैर-ब्राह्मण भक्तों को मुख्य प्रवेश से जाने नहीं दिया जाता, जो साफ भेदभाव है। पुणे में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को पुलिस की मंजूरी, 30 शर्तें पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के 22 अगस्त को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। हालांकि, पुलिस ने इसके लिए 30 शर्तें तय की हैं। आयोजकों को आपत्तिजनक तस्वीरें या बैनर लगाने से रोकने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। कार्यक्रम शहर के RTO चौक के पास SSPMS कॉलेज ग्राउंड में शाम 4:30 से रात 9:30 बजे तक होगा। पुलिस के मुताबिक, इसमें 8,000 से 10,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। मणिपुर में 3 दिन स्कूल-कॉलेज बंद, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का फैसला मणिपुर सरकार ने राज्य में 20 से 22 अगस्त तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। सरकार ने यह फैसला मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए लिया है। इस दौरान बोर्ड से जुड़े सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी सभी संस्थानों पर लागू होगा। दरअसल, नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस (NRC) को अपडेट करने की मांग को लेकर JFD ग्रुप ने 48 घंटे की हड़ताल बुलाई है। बुधवार को हड़ताल के दूसरे दिन घाटी के कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने नेताओं के पुतले जलाए और रैलियां निकालीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed